Monday, March 12, 2012

तीन हिस्सों में बंटेगा एमसीडी बजट


तीन हिस्सों में बंटेगा एमसीडी बजट 
नई दिल्ली . चुनाव बाद राजधानी के तीनों नगर निगमों के अस्तित्व में आने के चलते दिल्ली सरकार ने दिल्ली नगर निगम २०१२-२०१३ के बजट को तीन हिस्सों में बांटने के निर्देश दिए हैं। सरकार के आला अधिकारी ने बताया अगले महीने चुनाव के बाद राजधानी के तीनों नगर निगमों को संसाधनों की जरूरत पड़ेगी। उन्हें जुटाने के लिए दिल्ली नगर निगम के सालाना बजट को तीन हिस्सों में बांटने के आदेश कर दिए गए हैं। उत्तर, दक्षिण और पूर्वी दिल्ली के नगर निगम की गठन करने की प्रक्रिया 21 अप्रैल को पूरी हो जाएगी। उसी दिन वर्तमान नगर निगम का कार्यकाल भी पूरा हो रहा है। यहां बता दें कि दिल्ली नगर निगम का चुनाव 15 और मतगणना १७ अप्रैल को होनी है। नगर निगम निदेशालय तीनों निगमों के बीच संयोजन की जिम्मेदारी निभाएगा। फिलहाल, निदेशालय तीनों निगमों के कामकाज को सुचारु बनाने के लिए प्रशासनिक नियम और अन्य कार्यो को पूरा करने में जुटा है, ताकि, 21 अप्रैल से अस्तित्व में आने वाले तीन नगर निगमों रोजमर्रा के काम आसानी से पूरे किए जा सके। पिछले साल एक दिसंबर को दिल्ली नगर निगम संशोधन विधेयक विधानसभा में पारित हुआ था। इसके बाद ही एमसीडी को तीन हिस्सों में बांटने का रास्ता साफ हुआ था। राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील ने भी दिसंबर में ही विधेयक को मंजूरी दे दी थी। फिर, दिल्ली सरकार ने अधिसूचना जारी कर दी थी।  


Source: Dainik Bhaskar

No comments:

Post a Comment