Friday, March 30, 2012

स्टाफ चुनाव ड्यूटी में व्यस्त, दूसरे काम ठप


स्टाफ चुनाव ड्यूटी में व्यस्त, दूसरे काम ठप
पूर्वी दिल्ली, जागरण संवाददाता : नगर निगम चुनाव के चलते सरकारी विभागों में दूसरे कामों की गतिविधि ठप होकर रह गई है। अधिकारियों की ओर से निगम के चुनाव संपन्न होने के बाद संपर्क करने की सलाह दी जाने लगी है। नगर निगम शाहदरा उत्तरी एवं दक्षिणी जोन क्षेत्र के कई कर्मचारी सगे संबंधियों को निगम का चुनाव लड़ाने में व्यस्त हो गए हैं। 15 अप्रैल को होने वाले निगम के चुनावों में विभाग के ज्यादातर स्टाफ की ड्यूटी लग गई है। लेबर विभाग एवं पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र स्थित उद्योग सदन परिसर के स्टाफ की भी ड्यूटी निगम चुनाव में लगाई गई है। पूर्वी एवं उत्तरी जिले के प्रशासनिक अधिकारी निगम चुनाव को संपन्न कराने में लगे हैं। इसके लिए देर शाम तक बैठकें की जा रही हैं। अधिकारियों को हिदायत दी गई है कि इस बीच अदालती प्रक्रिया से जुडे़ मामलों को समय से निस्तारित किया जाए। नगर निगम शाहदरा एवं उत्तरी जोन के स्टाफ सगे संबंधियों को निगम चुनाव लड़ाने में व्यस्त हैं। चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पहले भी निगम की जोन बैठक के दौरान पार्षदों ने निगम स्टाफ पर सगे-संबंधियों के निगम चुनाव में व्यस्त रहने के आरोप लगाए थे। हालांकि निगम उपायुक्त अलका शर्मा ने कहा कि यदि किसी स्टाफ के आम जन से जुड़ी समस्याओं के निस्तारण में कोताही बरतने का मामला सामने आता है तो संबंधित कर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Source: Dainik Jagran

No comments:

Post a Comment